मुंबई। महाराष्ट्र के नागपुर से दुखद घटना सामने आई है। 17 साल की महिला क्रिकेटर ने आत्महत्या कर ली। महिला क्रिकेटर का नाम अदिति चौखांडे (Aditi Chaukhande) है। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) टीम में नहीं चुने जाने से डिप्रेशन में थी। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में उन्होंने टीम में चयन न होने का जिक्र किया है। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे पढ़कर आपकी आंखें भी नम हो जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, अदिति चौखांडे मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली थी। पिछले दो वर्षों से वह अपनी मां के साथ नागपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उमालक्ष्मी अपार्टमेंट में रह रही थी। वह सुर्वे क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण ले रही थी। हाल ही में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की चयन प्रक्रिया में उसका चयन नहीं हुआ था। उसके बाद वह मानसिक तनाव में थी। बुधवार रात अदिति ने मां के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। गुरुवार सुबह शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है, “मेरा चयन नहीं हुआ।
बजाज नगर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक चेतन चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में चयन न होने के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिवार का क्रिकेट से गहरा जुड़ाव
अदिति के पिता अकोला में सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं। वह अपनी मां और बड़े भाई प्रबल चौखांडे के साथ नागपुर में रहती थी। घटना के समय भाई शहर से बाहर थे। प्रबल चौखांडे भी क्रिकेट से जुड़े हैं और एक उभरते हुए खिलाड़ी बताए जा रहे हैं। परिवार को उम्मीद थी कि अदिति अपने खेल के दम पर बड़ा मुकाम हासिल करेगी।
