एक गलती, एक पल और उजड़ गई पूरी जिंदगी, बहन के साथ विवाद में 16वीं मंजिल से कूदी युवती

Follow Us

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवती ने 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान तनिष्का तोमर पुत्री आरेन्द्र सिंह तोमर के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के साथ फ्लैट में रह रही थी और करीब तीन महीने पहले यहां आई थी।

जानकारी के अनुसार, तनिष्का ने 12वीं पास करने के बाद कॉलेज में दाखिले के लिए प्रयास किया था और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले उसका अपनी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उसकी बहन नाइट शिफ्ट में काम करती है और घटना के समय वह सो रही थी।

इसी दौरान तनिष्का फ्लैट से बाहर निकली और बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।