उजियारा अभियान में बड़ी सफलता : 67 किलो से अधिक गांजा तस्करी मामले का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

Follow Us

*क्रेटा वाहन में 67.380 किलोग्राम गांजा परिवहन करने वाले गिरोह के फरार आरोपी को नरहरपुर पुलिस ने बदायूं (उ.प्र.) से पकड़ा*

कांकेर। जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में संचालित “उजियारा अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना नरहरपुर पुलिस ने 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा परिवहन के मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रदीप गिहार (22 वर्ष), निवासी मीरासराय, थाना सिविल लाइन, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

घटना का विस्तृत विवरण
दिनांक 11 अप्रैल 2026 को थाना नरहरपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजा भारतमाला मार्ग से डब्बीपानी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ग्राम डब्बीपानी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त कर दिया और वाहन छोड़कर फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखी तीन बोरियों के 13 पैकेटों से 67.380 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। साथ ही लगभग ₹10 लाख मूल्य का क्रेटा वाहन भी जप्त किया गया। कुल ₹43.69 लाख मूल्य की संपत्ति जप्त कर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।

प्रकरण की विवेचना के दौरान पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। शेष फरार आरोपी के उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में छिपे होने की सूचना मिलने पर थाना नरहरपुर एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने बदायूं पहुंचकर तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी प्रदीप गिहार को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे कांकेर लाकर 31 जुलाई 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बरामदगी
67.380 किलोग्राम अवैध गांजा (अनुमानित कीमत ₹33.69 लाख) • क्रेटा वाहन क्रमांक OD 10 J 3344 (अनुमानित कीमत ₹10 लाख) • 02 अतिरिक्त नंबर प्लेट UP14 DL 4480
कुल जुमला बरामदगी : ₹43.69 लाख

कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल (थाना प्रभारी नरहरपुर), सउनि बुधारू राम मरकाम, प्रधान आरक्षक संवलू नेताम, आरक्षक डुमेश साहू, पवन मरकाम, तथा साइबर सेल कांकेर से आरक्षक शैलेन्द्र साहू, हिमेश्वर मंडावी एवं भूपेश नेताम की सराहनीय भूमिका रही।

कांकेर पुलिस की अपील
अपराध पर नियंत्रण पुलिस और आमजन की साझा जिम्मेदारी है। संदिग्ध व्यक्तियों अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस की अपराधिक हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। प्रत्येक सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।