रायपुर। छत्तीसगढ़ के सैकड़ों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए अब राहत की खबर सामने आई है। पिछले 7–8 वर्षों से उत्कृष्ट खिलाड़ी सूची जारी नहीं होने के कारण कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे थे। हालात ऐसे हो गए थे कि, कई पदक विजेता खिलाड़ी आजीविका चलाने के लिए छोटे-मोटे काम करने को मजबूर हो गए थे।
इस गंभीर मुद्दे के सामने आने के बाद अब राज्य सरकार ने सक्रियता दिखाई है। डिप्टी सीएम और खेल मंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि, उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि, पात्र खिलाड़ियों को उनका सम्मान और अधिकार जल्द मिलेगा।
हाल ही में प्रदेशभर के कई पदक विजेता और पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों ने नया रायपुर स्थित खेल मंत्री के निवास पर मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने लंबे समय से लंबित उत्कृष्ट खिलाड़ी सूची जारी करने और राज्य स्तरीय खेल अलंकरण समारोह आयोजित करने की मांग रखी। खिलाड़ियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद मंत्री ने आश्वासन दिया कि, जल्द ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सूची जारी की जाएगी और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा खिलाड़ियों का एक प्रतिनिधिमंडल खेल एवं युवा कल्याण विभाग भी पहुंचा, जहां अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में चयन प्रक्रिया, समयसीमा और ओवर एज जैसे मुद्दों पर भी विचार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि, प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और बहुत जल्द सूची सार्वजनिक कर दी जाएगी। लंबे समय से लंबित इस मामले में अब सरकार की तेजी से खिलाड़ियों के बीच नई उम्मीद जगी है। अगर जल्द निर्णय होता है, तो यह खिलाड़ियों के भविष्य के लिए एक बड़ा सकारात्मक कदम साबित होगा।
