व्हाट्सएप प्रोफाइल से ठगी का खेल उजागर: फर्जी मैरिज ब्यूरो मामले में 3 और आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क का दायरा बढ़ा

Follow Us

राजनांदगांव। मैरिज ब्यूरो की आड़ में चल रहे बड़े धोखाधड़ी रैकेट का पुलिस ने एक और खुलासा करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कथित तौर पर “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से फर्जी नेटवर्क चलाकर युवकों से पैसे ऐंठते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि, आरोपी सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और उन्हें व्हाट्सएप के जरिए लड़कों को भेजकर भरोसा जीतते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन और सर्विस के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की जाती थी। बसंतपुर थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ताम्रध्वज मानिकपुरी (23), सियाराम साहू (23) और श्रृष्टि गोस्वामी (21) शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए। इनमें से दो आरोपियों को कबीरधाम जिले से और एक आरोपी को राजनांदगांव से हिरासत में लिया गया।

इस मामले में पहले ही मुख्य संचालिका नेहा पाठक और डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक की जांच में यह साफ हुआ है कि, यह पूरा नेटवर्क सुनियोजित तरीके से लोगों को झांसा देकर आर्थिक ठगी कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपियों की लंबे समय से तलाश जारी थी, और सूचना मिलने पर विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन या मैरिज ब्यूरो सेवाओं का उपयोग करते समय पूरी तरह सत्यापन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।