विधानसभा घेराव के लिए दुर्ग से अरुण वोरा संग हज़ारों कांग्रेसी रायपुर रवाना

Follow Us

दुर्ग । प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज रायपुर में आयोजित विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए दुर्ग से सैकड़ों-हज़ारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता राजधानी रायपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक अरुण वोरा की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, जिला अध्यक्ष धीरज बकलीवाल के साथ दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण शामिल रहे, जिन्होंने एकजुट होकर रायपुर के लिए प्रस्थान किया।

रवाना होने से पूर्व माहौल नारों से गूंज उठा और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए रायपुर कूच किया।

इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा कि आज का विधानसभा घेराव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की जनता की आवाज है, जो भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश के हर वर्ग—किसान, युवा, मजदूर और व्यापारी—की पीड़ा का प्रतीक है।

वोरा ने विश्वास जताया कि दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा सरकार को जनता की आवाज सुनने के लिए मजबूर करेगी।

मार्ग में दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पहुँचकर अरुण वोरा का स्वागत किया और आंदोलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके पश्चात दुर्ग ग्रामीण की सशक्त टीम पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ वोरा के नेतृत्व में काफिले में शामिल हुई तथा एकजुट होकर रायपुर की ओर अग्रसर हुई, जहाँ वे विधानसभा घेराव कार्यक्रम में प्रभावी भागीदारी निभाएंगे।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि प्रदेश के आम नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए एक निर्णायक लड़ाई है, जिसमें दुर्ग जिले की सक्रिय और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की गई है.