बेकाबू कार मोबाइल दुकान में घुसी, नशे में धुत तीन युवक गिरफ्तार

Follow Us

कोरबा। शहर के व्यस्त सोनालिया चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मोबाइल दुकान में जा घुसी। इस खौफनाक हादसे में राहगीर और दुकानदार बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी देर से इलाके में तेज गति से दौड़ रही थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हादसे से पहले कार ने एक बाइक सवार को भी टक्कर मारी और फिर सीधे दुकान के अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दुकान का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और भारी आर्थिक नुकसान हुआ। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने कार में सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि, तीनों युवक शराब के नशे में थे और इससे पहले टीपी नगर इलाके में भी उत्पात मचा चुके थे।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, युवक नशे में थे और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।