अंबिकापुर घटना पर टीएस सिंहदेव का तीखा वार, बोले- न्याय में देरी बर्दाश्त नहीं

Follow Us

रायपुर। अंबिकापुर में हुई जघन्य अपराध की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इस मामले में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार हालात संभालने में नाकाम साबित हो रही है। सिंहदेव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, इस तरह की वारदात पूरे समाज को झकझोर देती है। उन्होंने कहा कि,अंबिकापुर जैसी घटना न केवल दर्दनाक है, बल्कि यह व्यवस्था की कमजोरी को भी उजागर करती है। जब भीड़भाड़ वाले इलाके में भी ऐसी घटनाएं होती हैं, तो यह साफ संकेत है कि अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं रह गया है।

उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि आम नागरिकों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रशासन क्यों विफल हो रहा है।

पूर्व डिप्टी सीएम ने इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि, आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी सजा दी जानी चाहिए, ताकि समाज में एक स्पष्ट संदेश जाए कि इस तरह के अपराध किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामले की जल्द सुनवाई की भी बात कही।

सिंहदेव ने यह भी कहा कि, ऐसे मामलों में न्याय में देरी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय के बराबर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि,सरकार को केवल बयानबाजी से आगे बढ़कर ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।इस घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कदम उठाता है।