रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। शहर में लगभग 11 किलोमीटर लंबा रिंग रोड-5 बनाने की योजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिसके लिए 694 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। यह प्रस्तावित सड़क चंदनीडीह से शुरू होकर महादेवघाट, खारुन नदी मार्ग होते हुए पुराना धमतरी रोड के खिलोरा तक जाएगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में चंदनीडीह से भाठागांव तक 7.5 किलोमीटर सड़क निर्माण होगा, जबकि दूसरे चरण में भाठागांव से खारुन नदी तक 3.5 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। परियोजना के तहत चंदनीडीह रेलवे क्रॉसिंग पर 110 करोड़ रुपये की लागत से एक ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। भविष्य में इसे फुंडहर चौक एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की भी योजना है, जिससे एयरपोर्ट और नवा रायपुर के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और अब सर्वे का काम तेजी से चल रहा है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी इसमें शामिल है। अनुमान है कि, इस रूट से प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। निगम प्रशासन का मानना है कि, इस नए रिंग रोड से रिंग रोड-1 पर बढ़ता दबाव कम होगा और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, इस सड़क को एक्सप्रेस-वे की तरह विकसित किया गया तो यह दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव और अन्य शहरों के लिए भी बड़ी राहत साबित होगी।
