इस विमेंस डे खुद को दें सोलो ट्रिप का गिफ्ट, ये जगहें हैं बेस्ट और सेफ…

Follow Us

नई दिल्ली। वुमन्स डे आने ही वाला है। इस मौके पर अगर आप खुद को कुछ खास तोहफा देना चाहती हैं, तो एक ‘सोलो ट्रिप’ से बेहतर भला क्या हो सकता है? अकेले घूमना न सिर्फ आपको आजादी का एहसास दिलाता है, बल्कि खुद से जुड़ने और अपने आत्मविश्वास को बढ़ाने का एक शानदार मौका भी देता है।अक्सर सुरक्षा की चिंता हमें अकेले सफर करने से रोक देती है, लेकिन आपको बता दें कि भारत में कई ऐसी खूबसूरत और शानदार जगहें हैं, जो महिला यात्रियों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं। आइए आपको बता दें इन 5 बेहतरीन जगहों के बारे में।

पुडुचेरी – फ्रांसीसी संस्कृति और शांत समुद्र तटों के लिए मशहूर पुडुचेरी सोलो फीमेल ट्रैवलर्स की पहली पसंद है। यहां की खूबसूरत और रंगीन गलियों में साइकिल चलाना, फ्रेंच कैफे में कॉफी पीना और ऑरोविल की शांति का अनुभव करना आपको एक अलग ही सुकून देगा। यहां का माहौल बेहद सुरक्षित है और लोग बहुत मददगार हैं।

उदयपुर, राजस्थान – ‘झीलों का शहर’ उदयपुर न सिर्फ अपनी शाही खूबसूरती के लिए, बल्कि अपनी शानदार मेहमाननवाजी के लिए भी जाना जाता है। आप अकेले यहां के महलों, खूबसूरत झीलों और हैंडीक्राफ्ट बाजारों का बेफिक्र होकर लुत्फ उठा सकती हैं। यहां का राजस्थानी कल्चर आपको बहुत अपनापन महसूस कराएगा और दिन के समय अकेले घूमना यहां काफी सुरक्षित माना जाता है।

ऋषिकेश, उत्तराखंड – अगर आप भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर शांति और थोड़े एडवेंचर की तलाश में हैं, तो ऋषिकेश बेहतरीन जगह है। यहां देश-विदेश से फीमेल ट्रैवलर्स अकेले आती हैं। गंगा किनारे के कैफे में बैठना, योग आश्रमों में समय बिताना और शाम की भव्य गंगा आरती देखना आपके सफर को यादगार बना देगा। यहां का आध्यात्मिक माहौल महिलाओं के लिए एक सुरक्षित घेरा तैयार करता है।

शिलॉन्ग, मेघालय – ‘पूरब का स्कॉटलैंड’ कहा जाने वाला शिलॉन्ग अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर है। मेघालय की सबसे खास बात यह है कि यहां मातृसत्तात्मक समाज है, जहां महिलाओं को घर की मुखिया माना जाता है और उनका बहुत सम्मान होता है। इसलिए, यह जगह सोलो फीमेल ट्रैवलर्स के लिए भारत की सबसे सुरक्षित जगहों में से एक है।

मुन्नार, केरल – हरे-भरे चाय के बागान, धुंध भरी वादियां और शांत माहौल- मुन्नार कुदरत के प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। केरल पर्यटन अपनी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी सख्त और सतर्क है, जिससे यह महिलाओं के लिए एक शानदार और सेफ डेस्टिनेशन बन जाता है। यहां आप आराम से नेचर वॉक, ट्रेकिंग और आयुर्वेदिक मसाज का आनंद ले सकती हैं। सोलो ट्रिप पर जाना एक ऐसा अनुभव है जिसे हर महिला को अपनी जिंदगी में कम से कम एक बार जरूर आजमाना चाहिए।