परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के द्वितीय चरण का हुआ सफल आयोजन, लाखों विद्यार्थियों ने दिखाई उत्साहजनक सहभागिता

Follow Us

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के प्रथम चरण का सीधा प्रसारण दिनांक 6 फरवरी 2026 को देशभर के विद्यालयों में किया गया। इस चरण में छत्तीसगढ़ राज्य से अत्यंत उत्साहजनक सहभागिता देखने को मिली। जहां राज्य के विभिन्न जिलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 36,903 विद्यालयों में इस कार्यक्रम का प्रसारण हुआ, जिसे 26.65 लाख विद्यार्थियों, 1.54 लाख शिक्षकों एवं 1.68 लाख पालकों सहित कुल 29.87 लाख दर्शकों ने देखा। इसके अतिरिक्त, समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु 478 सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम देखने की व्यवस्था की गई, जहाँ लगभग 42 हजार नागरिकों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया। प्रथम चरण में महासमुंद जिले की कक्षा 12वीं की छात्रा कु. सृष्टि साहू को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे प्रश्न पूछने का अवसर प्राप्त हुआ, जो राज्य के लिए गर्व का विषय रहा।

द्वितीय चरण में भी छत्तीसगढ़ की प्रभावशाली भागीदारी

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का द्वितीय चरण दिनांक 9 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें भी छत्तीसगढ़ राज्य की व्यापक एवं सक्रिय सहभागिता रही। इस चरण में राज्य के 36,905 विद्यालयों से कार्यक्रम प्रसारित किया गया, जिसे 26.65 लाख विद्यार्थी, 1.54 लाख शिक्षक एवं 1.68 लाख पालकों सहित कुल 29.89 लाख दर्शकों ने देखा। साथ ही, पूर्ववत 478 सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से कार्यक्रम देखने की व्यवस्था की गई, जिससे 42 हजार लोगों ने लाभ प्राप्त किया।

प्रधानमंत्री जी से प्रश्न पूछने का अवसर

द्वितीय चरण में रायपुर जिले के माना कैम्प स्थित पीएम नवोदय विद्यालय के कक्षा 11वीं के विद्यार्थी श्री तेजस चन्द्राकर को माननीय प्रधानमंत्री जी से प्रश्न पूछने का अवसर प्राप्त हुआ। तेजस ने परीक्षा के बाद भ्रमण योग्य स्थलों के संबंध में जानकारी चाही। प्रधानमंत्री ने तेजस को उसके निवास तहसील से प्रारंभ करते हुए, तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर देखने योग्य स्थलों की सूची तैयार करने, उनके भ्रमण की योजना बनाने तथा इन यात्राओं को सीखने के अवसर के रूप में अपनाने का प्रेरणादायक सुझाव दिया।