रफ्तार का कहर: ट्रेलर की भीषण टक्कर, महिला समेत दो की मौत, एक गंभीर

Follow Us

रायगढ़। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह भीषण दुर्घटना पूंजीपथरा-घरघोड़ा मार्ग पर अमलीडीही गांव के पास हुई। तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि, बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रेलर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को पीएम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है।