महावीर जयंती पर सकल जैन समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा

Follow Us
  • भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026
  • विभिन्न मंचों ने जगह-जगह किया शोभायात्रा का स्वागत

रायपुर । भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर आज सकल जैन समाज ने भव्य शोभा यात्रा निकाली। घोड़े और ऊंट यात्रा पर चार चाँद लगा रहे थे, वहीं समाजजनों के साथ भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत शोभायात्रा में शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह मंच बनाकर विभिन्न समाज और संगठनों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

राजधानी में 21 दिवसीय भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव में महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया गया।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर चलती रही। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़े।

महावीर जयंती के उपलक्ष्य में आज भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दादाबाड़ी तीर्थ पहुंची। इसके पश्चात् प्रातः 10 बजे से भगवान महावीर पंचकल्याणक पूजा, महा रक्तदान शिविर और साधर्मिक वात्सल्य का आयोजन किया गया। दोपहर में वरघोड़ा वापसी पारंपरिक तरीके से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।