पुलिस क्वार्टर में महिला आरक्षक का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाने के पास स्थित पुलिस क्वार्टर में महिला आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पूजा कुशवाहा के रूप में हुई है, जो पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात थीं। यह घटना शनिवार रात करीब 8:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पीएम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

बता दें, घटनास्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि, मौत के असली कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से पुलिस विभाग और आसपास के क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।