औचक निरीक्षण में खुली पोल: ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारी, निगम कमिश्नर ने 3 को थमाया शो-कॉज नोटिस

Follow Us

बिलासपुर। नगर निगम प्रशासन में अनुशासन और कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सख्त रुख अपनाते हुए औचक निरीक्षण किया। देर शाम लगभग 4:30 बजे वे अचानक विकास भवन स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचे, जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने सभी शाखाओं का बारीकी से जायजा लिया और कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों की प्रगति तथा लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान योजना शाखा में तैनात दो कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर सीट से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कमिश्नर ने तत्काल दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि, कार्यस्थल पर अनुशासन और समयपालन बेहद जरूरी है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि, भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पीएम आवास शाखा की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। यहां कई आवेदनों के प्रकरण लंबे समय से लंबित थे। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित क्लर्क को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कमिश्नर ने कहा कि, पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिलना चाहिए और किसी भी स्तर पर देरी स्वीकार्य नहीं है। इसके अलावा भवन शाखा में भवन अनुज्ञा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित प्रकरणों का समय सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद विभागों के बाहर सूचना पट्टिका नहीं लगाए जाने पर स्टोर प्रभारी को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और दस्तावेजों के व्यवस्थित रख-रखाव पर भी विशेष जोर दिया गया। कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय न केवल कार्यकुशलता बढ़ाता है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी बेहतर माहौल तैयार करता है। इस औचक निरीक्षण के बाद निगम प्रशासन में हलचल देखी गई और अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने के संकेत मिलें।