वार्षिक बैठक में नीति निर्माण और सशक्त प्रगति पर विशेष सत्र, सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद 2026-27 के नए पदाधिकारी चयनित

Follow Us

रायपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के वर्ष 2026-7 के लिए नए पदाधिकारियों का चयन किया गया है। बजरंग गोयल, निदेशक, बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड को सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद का अध्यक्ष चुना गया है, जबकि आनंद सिंघानिया, प्रबंध निदेशक, अविनाश समूह को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। बजरंग गोयल वर्ष 2007 में निदेशक के रूप में कंपनी से जुड़े और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत संरचनात्मक इस्पात / रोलिंग मिल व्यवसाय से की। कंपनी द्वारा गोयल टीएमटी ब्रांड के अंतर्गत टीएमटी स्टील, स्पंज आयरन, ऊर्जा (तापीय, जलविद्युत एवं सौर), गोयल पाइप्स ब्रांड के अंतर्गत पाइप मिल, खनन तथा एथेनॉल जैसे क्षेत्रों में कार्य किया जा रहा है। उनका विजऩ है कि सभी क्षेत्रों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला स्टील किफायती दरों पर उपलब्ध कराया जाए तथा इसे एक सफल और लाभदायक व्यवसाय के रूप में विकसित किया जाए।

वहीं आनंद सिंघानिया, अविनाश समूह के प्रबंध निदेशक हैं, जो वर्ष 1996 से रियल एस्टेट क्षेत्र में अग्रणी कंपनी के रूप में कार्यरत है। उनके नेतृत्व में समूह ने रायपुर और बिलासपुर में अनेक खरीदारी केंद्र, व्यावसायिक परिसर और आधुनिक आवासीय परियोजनाएँ विकसित की हैं।वार्षिक बैठक के साथ ही सीआईआई छत्तीसगढ़ द्वारा नेतृत्व और साझेदारी: नीति निर्माण और प्रगति को सशक्त बनाना विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन भी किया गया, जिसमें उद्योग और सरकार के बीच मजबूत नेतृत्व एवं सहयोग की भूमिका पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि राजीव अग्रवाल, अध्यक्ष सीएसआईडीसी ने राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास को गति देने में सीआईआई छत्तीसगढ़ की भूमिका की सराहना की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा औद्योगिक स्वीकृति प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए कई पहल की गई हैं, जिनमें भूमि आवंटन, लेआउट स्वीकृति और अन्य वैधानिक मंजूरियां शामिल हैं, जिससे व्यवसाय करने में आसानी (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) को और बेहतर बनाया जा सके।