रायपुर । थाना मौदहापारा में प्रार्थी राजेश अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी एम.जी. रोड, मौदहापारा, रायपुर में “अशोक ब्रदर्स” नाम से सेनेटरी की दुकान है। अभिषेक प्रधान नामक लडका पिछले 4-5 वर्षों से उसकी दुकान में सेल्समैन एवं रिकवरी का काम करता था और विश्वासपात्र बन चुका था। प्रार्थी ने अभिषेक प्रधान को 1,95,000 (एक लाख पंचानवे हजार रुपये) नकद राशि आईसीआईसीआई बैंक के अकाउंट में जमा करने के लिए दी। किन्तु अभिषेक प्रधान ने उक्त राशि बैंक में जमा न कर बेईमानीपूर्वक अमानत में खयानत करते हुए बिना प्रार्थी की सहमति के अपने उपयोग में खर्च कर ली। प्रार्थी द्वारा संपर्क करने एवं उसके घर जाकर पता करने पर अभिषेक प्रधान नहीं मिलता था। अभिषेक प्रधान के परिवार वालों ने थाना सिविल लाइन, रायपुर में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करायी थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी अभिषेक प्रधान के विरुद्ध थाना मौदहापारा में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पूर्व में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना मौदहापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की गई तथा आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सक्रिय किया गया तथा तकनीकी एवं अन्य माध्यमों से आरोपी की तलाश जारी रखी गई।
इसी दौरान टीम के सदस्यों को आरोपी की उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए मेकाहारा गेट के पास घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक प्रधान को पकड़ा गया, इस दौरान उसके पास एक एक्टिवा वाहन भी था। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा प्रार्थी की रकम 1,95,000/- का गबन करने की बात स्वीकार की गई। साथ ही उससे एक्टिवा वाहन के संबंध में पूछताछ की गई और वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तब आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उक्त एक्टिवा वाहन चोरी का है, जिसे उसने बिलासपुर के थाना तारबहार क्षेत्र से चोरी किया था।
आरोपी अभिषेक प्रधान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 01 नग एक्टिवा वाहन कीमती लगभग 50,000/- रूपये जप्त की गई। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध पृथक से थाना मौदहापारा में धारा 35(1)(4) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रहीं है।
गिरफ्तार आरोपी – अभिषेक प्रधान उर्फ बाबा पिता रास बिहारी प्रधान उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम जाडामुड़ा थाना बसना महासमुंद। हाल पता – न्यू शांति नगर पुरानी पाईप फैक्ट्री के पास शंकर नगर थाना सिविल लाईन रायपुर।
