रायपुर। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने गुरुवार शाम से कोतवाली डिवीजन क्षेत्र में सघन निगरानी अभियान चलाया। यह कार्रवाई थाना कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और गंज क्षेत्रों में की गई। अभियान के दौरान शराब भट्ठियों के आसपास, सुनसान जगहों और अड्डेबाजी वाले इलाकों में विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की और अड्डेबाजी तथा नशाखोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। थाना कोतवाली क्षेत्र से 6 और मौदहापारा क्षेत्र से 2 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां 7 आरोपियों को जेल वारंट जारी कर केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
साथ ही, मौदहापारा और गंज थाना पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग के दौरान 2 स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान डिवीजन स्तर पर कुल 8 जमानती वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, जिससे लंबे समय से फरार आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। थाना गंज पुलिस ने तेलघानी नाका चौक के पास एक संदिग्ध युवक को रोका, जिसकी तलाशी में उसके पास से अवैध धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ। आरोपी की पहचान राज नायक उर्फ माया, निवासी उरला, रायपुर के रूप में हुई। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखना, आपराधिक गतिविधियों को रोकना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भी आकस्मिक जांच की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे सघन निगरानी अभियान लगातार जारी रहेंगे और शहर के संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता का संदेश असामाजिक तत्वों तक पहुंचा है।
