अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले सरगुजा में सियासी माहौल गरमा गया है। शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा के आधिकारिक अनावरण से पहले ही युवा कांग्रेस (युकां) के जिला अध्यक्ष विकल झा और उनके समर्थकों ने देर रात प्रतीकात्मक अनावरण कर दिया, जिससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, युकां कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर नारियल फोड़ा और माल्यार्पण कर कार्यक्रम किया। इसे उन्होंने “सम्मान” का प्रतीक बताया, लेकिन इस कदम ने प्रशासन और सत्तारूढ़ दल को असहज स्थिति में डाल दिया है। दरअसल, उसी दिन सीएम द्वारा दोनों प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण प्रस्तावित था।
युवा कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, भाजपा नेता पंडित रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं, जबकि चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं की गईं। युकां नेताओं ने इसे शहीद के सम्मान की अनदेखी बताते हुए नाराजगी जताई। विकल झा ने कहा कि, स्वतंत्रता सेनानी का सम्मान राजनीति से ऊपर होना चाहिए।यदि प्रशासन द्वारा उचित व्यवस्था नहीं की जाती, तो जनता और संगठन अपने स्तर पर सम्मान देना जानता है। इस बयान के बाद सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।
इधर, प्रशासन का कहना है कि, दोनों प्रतिमाओं के अनावरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम तय समय के अनुसार ही होगा। सीएम साय के दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि, मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान यह मुद्दा और ज्यादा तूल पकड़ सकता है।
