NH-53 पर पुलिस का शिकंजा: गांजा तस्करी की साजिश नाकाम, करोड़ों का माल जब्त

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपए कीमत का 281.900 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में खपाने की फिराक में थे।

बता दे,पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर कुछ तस्कर महासमुंद जिले के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-53 पर रेहटीखोल रोड के पास नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान कुछ ही देर में महाराष्ट्र नंबर की एक फार्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और एक स्कॉर्पियो (MH 12 YH 0090) वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें गाड़ियों में रखी बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, वे गांजा ओडिशा के फुलवानी जिले से लेकर पुणे (महाराष्ट्र) जा रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1.40 करोड़ रुपए कीमत का गांजा, करीब 40 लाख रुपए की फार्च्यूनर, 25 लाख रुपए की स्कॉर्पियो और चार मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत शंकर गोले (38), क्षितिज वीरसेन जाधव (21), अक्षय नंदकुमार निगम (27), अभिषेक डेविड जगले (26) और महेश काटकर (39) के रूप में हुई है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं और लंबे समय से गांजा तस्करी में सक्रिय बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि, इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं। महासमुंद पुलिस ने साफ कहा है कि, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।