बाराती बनकर पहुंची पुलिस, फिल्मी स्टाइल में जुआ फड़ पर छापा-8 जुआरी गिरफ्तार

Follow Us

सक्ती। जिले में पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ एक अनोखी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया। छत्तीसगढ पुलिस की टीम ने इस बार पारंपरिक तरीके छोड़ फिल्मी अंदाज अपनाया और बाराती बनकर जुआ खेल रहे आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को ग्राम कानाकोट के खार नहर किनारे जुआ खेलने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक खास रणनीति तैयार की गई। पुलिस टीम बारातियों के वेश में मौके पर पहुंची, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। जैसे ही पुष्टि हुई कि, वहां जुआ चल रहा है, टीम ने तत्काल छापा मार दिया।

छापेमारी के दौरान 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से पुलिस ने करीब 26 हजार रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन और दो कार जब्त की हैं। जब्त वाहनों और सामान की कुल कीमत लाखों में बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि, जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा। बाराती बनकर की गई इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि, कानून से बचना अब आसान नहीं है। पुलिस का यह अनोखा अंदाज न सिर्फ जुआरियों के लिए सबक है, बल्कि अपराधियों के बीच भी खौफ का माहौल बना रहा है।