नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी दिल्ली के पालम और मध्य प्रदेश के इंदौर में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बताया कि पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने दोनों हादसों को दुखद बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इंदौर और राजधानी दिल्ली में हुई घटना को लेकर पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि आग लगने से हुई जान-माल की हानि से प्रधानमंत्री बेहद दुखी हैं। पीएम ने कहा कि जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। साथ ही प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय सुरक्षा बल की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया गया है। आपको बता दें की राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में सुबह 7:04 बजे राम मार्केट स्थित एक चार मंजिला इमारत में आग भड़क उठी। यह इमारत राजेंद्र कश्यप की बताई जा रही है। बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़ों और कॉस्मेटिक का शोरूम संचालित होता था, जबकि ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार रहता था। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई। वहीं, मध्य प्रदेश के इंदौर में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बंगाली चौराहा क्षेत्र की बृजेश्वरी कॉलोनी में एक कार को चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखे गैस सिलेंडर भी आग की लपटों में आ गए, जिससे एक के बाद एक धमाके हुए और मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। इस घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई।
पालम और इंदौर में हुए भीषण आग हादसों में कुल 14 लोगों की मौत पर पीएम मोदी ने जताया शोक, पीड़ितों के लिए 50,000 मुआवजे का एलान
