नियम तोड़े तो सील हुई पार्किंग-मौसाजी स्वीट्स समेत तीन पर कार्रवाई

Follow Us

बिलासपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह आखिरकार सामने आ गई है,बड़े प्रतिष्ठानों द्वारा पार्किंग का गलत इस्तेमाल। अरपा-पार सरकंडा क्षेत्र के कई जाम पॉइंट्स पर जांच के दौरान यह पाया गया कि, जहां ग्राहकों के वाहनों के लिए पार्किंग होनी चाहिए, वहां गोदाम, सर्विसिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसका सीधा असर सड़क पर दिखाई दे रहा है, जहां वाहन खड़े होने से रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।

नगर निगम ने अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत सख्त कदम उठाते हुए तीन बड़े प्रतिष्ठानों की पार्किंग को सील कर दिया। इनमें मौसाजी स्वीट्स, पुष्पेंद्र साहू की बिल्डिंग और रॉयल स्वीट्स शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि, मौसाजी स्वीट्स की पूरी पार्किंग को बाइक सर्विसिंग सेंटर और गोदाम में बदल दिया गया था, जहां नई गाड़ियों की सर्विसिंग और स्टोरेज हो रहा था।

इसी तरह साइंस कॉलेज के पास स्थित पुष्पेंद्र साहू की बिल्डिंग में पार्किंग स्पेस को कोचिंग संस्थान को किराए पर दे दिया गया था। वहीं वसंत विहार चौक स्थित रॉयल स्वीट्स में पार्किंग का उपयोग गोदाम के रूप में किया जा रहा था। इन सभी मामलों में नियमों का उल्लंघन स्पष्ट मिलने पर निगम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पार्किंग एरिया को सील कर दिया। इसके अलावा डी-मार्ट गेट के पास सड़क की ओर बढ़ाए गए अवैध लोहे के ग्रिल भी हटाए गए। संबंधित प्रबंधन को 48 घंटे के भीतर नक्शे के अनुसार बाउंड्रीवॉल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि, पार्किंग की जगह पर अतिक्रमण होने से सड़कें ही पार्किंग जोन बन जाती हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है। इसका असर न सिर्फ आम लोगों पर, बल्कि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ता है। निगम ने साफ कहा है कि, आगे भी ऐसे उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।