राजधानी में एक बार फिर महिला की हत्या का मामला आया सामने, सिर और चेहरे पर वार कर बेरहमी से की गई हत्या

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर हत्या की वारदात सामने आई है। जहां उरला के सरकारी स्कूल में महिला का क्षत-विक्षत शव पाया गया। मृतका की पहचान राधा मण्डावी के रूप में हुई है। वह अपने पति अमित सिसोदिया के साथ पारधी पारा क्षेत्र में रहती थीं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शव पर सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें मिली हैं। जानकारी के अनुसार, हत्या सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से मारने के बाद की गई है। मृतका के शरीर की हालत से यह स्पष्ट हो रहा है कि हत्या क्रूर तरीके से की गई। आपको बता दें की उरला थाना पुलिस मौके पर पहुँच गई है और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है और आसपास के स्कूल व घरों के CCTV फुटेज को खंगालने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका और उसके परिवार की पृष्ठभूमि को खंगाला जा रहा है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक तौर पर किसी भी संदिग्ध की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय लोग इस घटना से सकते में हैं। स्कूल परिसर में शव मिलने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और आसपास के इलाके में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। आसपास के लोग पुलिस से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द अपराधी को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए। उरला थाना पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही पूरे विवरण के साथ प्रेस नोट जारी करेगी। यह हत्या राजधानी में हाल के समय की गंभीर घटनाओं में शामिल है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान लिए जा रहे हैं।