रायपुर। आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आगामी दिनों में रायपुर में आयोजित होने वाले एनएचएम कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु मंत्री जी को आमंत्रित किया। माननीय स्वास्थ्य मंत्री जी ने आमंत्रण को सहर्ष एवं सहृदयतापूर्वक स्वीकार करते हुए अपनी सहमति प्रदान की।

संघ पदाधिकारियों ने बताया कि, जल्द ही आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर कार्यक्रम की तिथि निर्धारित की जाएगी। यह महासम्मेलन एनएचएम कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण होगा, जिसमें उनकी समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से रखा जाएगा। ज्ञात हो कि, प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लगभग 17,000 कर्मचारी कार्यरत हैं, जो ग्रामीण एवं शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को संभाले हुए हैं। कर्मचारियों ने बताया कि, इस महासम्मेलन में उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल में संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, डॉ. रवि शंकर दीक्षित, हेमंत सिन्हा एवं प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास उपस्थित थे।
