MMS केस: विधायक देवेंद्र यादव थाने पहुंचे, जांच प्रक्रिया पर खड़े किए सवाल

Follow Us

दुर्ग। जिले में बहुचर्चित MMS कांड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव मंगलवार को भिलाई नगर कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने मामले की जांच के लिए अपने फोटो और वीडियो का सैंपल पुलिस को सौंपा।

ढाई साल पुराने इस प्रकरण को लेकर जांच में तेजी आने के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। विधायक देवेंद्र यादव ने इस दौरान पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, यह मामला अब भी अधूरा है और जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विधायक का कहना है कि, उन्हें 6 अप्रैल को नोटिस भेजकर उसी दिन थाने में उपस्थित होने को कहा गया, जबकि वह नोटिस उन्हें दोपहर बाद मिला।

उन्होंने इसे “नोटिस-नोटिस खेल” बताते हुए कहा कि, पुलिस दबाव में काम कर रही है। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि, विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ एक MMS वायरल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई थी। उनका कहना है कि, इतने समय बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है, जो जांच की धीमी रफ्तार को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि, जब अन्य मामलों में सीबीआई जांच संभव है, तो उनके मामले में ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है और बयान व तकनीकी सैंपलिंग के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।