खनन माफिया बेलगाम: वन विभाग की टीम पर लाठी-डंडों से हमला, दो की हालत नाजुक

Follow Us

मुंगेली। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हमले में दो वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 10 अप्रैल 2026 की रात खुड़िया वन परिक्षेत्र के सरगढ़ी परिसर के पास हुई। वन विभाग की टीम को अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। भुक्खुनाला के पास एक ट्रैक्टर को अवैध रेत के साथ पकड़ा गया और चालक को हिरासत में लिया गया। शुरुआत में स्थिति नियंत्रण में लग रही थी, लेकिन जैसे ही टीम आगे बढ़ी, कई आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। इसी दौरान कुछ लोग अचानक मौके पर पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और वन टीम को चारों ओर से घेर लिया गया।

आरोप है कि, हमलावरों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से वनकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान दो कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य को भी हल्की चोटें लगीं। हालात बिगड़ने पर स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर वन टीम को किसी तरह बचाया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक कर्मचारी को गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया। घटना के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।