मौदहापारा में बलवा के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत तालाब पार बीटीएस चौक के पास आरोपियों द्वारा पुरानी रंजिश के चलते मोहम्मद अल्ताफ एवं राशिद अली पर चाकू से प्राणघातक हमला किया गया।

घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना मौदहापारा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया तथा प्रकरण में हत्या के प्रयास एवं बलवा से संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस द्वारा आरोपी रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल एवं अभय रक्सेल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के पश्चात मरही माता मंदिर के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा पथराव किया गया तथा दूसरे पक्ष के कुछ लोगों द्वारा तलवार लहराकर भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया। इस संबंध में दोनों पक्षों के विरुद्ध पृथक से अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। वर्तमान में स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।

पुलिस द्वारा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार कार्रवाई जारी है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।