अवैध जमीन आबंटन पर बड़ा एक्शन: सरपंच पर केस, नाबालिग पंच का चुनाव रद्द

Follow Us

राजनांदगांव। खैरागढ़ क्षेत्र की दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों से जुड़े मामलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। एक तरफ जहां ग्राम पंचायत गर्रापार में शासकीय भूमि के नियम विरुद्ध आबंटन के मामले में सरपंच के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत पेंड्रीकला में एक पंच का निर्वाचन अवैध पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गर्रापार के ग्रामीण मनराखन पटेल सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि, सरपंच ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर एक व्यक्ति को शासकीय जमीन आवंटित कर दी। इस शिकायत के आधार पर की गई जांच में आरोप सही पाए गए। जांच में स्पष्ट हुआ कि, छोटे झाड़ के जंगल और घास मद की शासकीय भूमि को नियमों के विपरीत रोहित पटेल के नाम आबंटित किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित पंचायत प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है और सरपंच के खिलाफ पंचायती राज अधिनियम 1993 की धारा 40 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों को भी सख्त संदेश मिला है।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत पेंड्रीकला के वार्ड क्रमांक 4 में पंच पद को लेकर दायर अपील पर भी बड़ा फैसला सामने आया है। लक्ष्मीनारायण साहू द्वारा दायर अपील की सुनवाई के दौरान पाया गया कि, निर्वाचित पंच मनोहर साहू नामांकन के समय निर्धारित न्यूनतम आयु 21 वर्ष पूरी नहीं कर पाए थे। नियमों के उल्लंघन के चलते उन्हें अयोग्य घोषित करते हुए उनका निर्वाचन शून्य कर दिया गया है। प्रशासन ने उक्त पद को रिक्त घोषित कर दिया है और उपचुनाव की प्रक्रिया जल्द कराने के निर्देश जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दिए हैं।

वहीं, राजनांदगांव जिले के मुढ़िया मोहारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसारी में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। यहां गांजा के पौधे उगाते हुए एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से दो दर्जन से अधिक गांजा के पौधे जब्त किए हैं। फिलहाल मोहारा पुलिस चौकी मामले की जांच में जुटी हुई है। इन कार्रवाइयों से साफ है कि, प्रशासन अब नियमों के उल्लंघन और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्ती से कदम उठा रहा है।