बीजापुर में बड़ा हादसा: पिकअप पलटी, 15 मजदूर घायल, हालचाल जानने पहुंचे पूर्व मंत्री व विधायक

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बार फिर सड़क हादसे ने कई परिवारों को चिंता में डाल दिया। भोपालपट्टनम ब्लॉक के ग्राम सोमनपल्ली के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 15 ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह लगभग 6 बजे उस समय हुई, जब पेंटागुड़ा, बारेगुड़ा और दममुर गांव के 40-45 ग्रामीण मजदूर एक मालवाहक पिकअप में सवार होकर मिर्च तोड़ने के लिए महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई मजदूरों को चोटें आईं, जिनमें से करीब 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र भोपालपट्टनम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का इलाज जारी है। सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के अनुसार, तीन गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर के हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि अन्य मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और स्थानीय विधायक विक्रम मांडवी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत कर इलाज की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।