महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव: ग्रैंड तम्बोला में उमड़ी भीड़, प्रभात फेरी और रक्तदान से दिखा सेवा भाव

Follow Us
  • “भक्ति के रंग, वीर के संग” रास गरबा आज

रायपुर। राजधानी में भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 के तहत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला पूरे उत्साह के साथ जारी है। गुरुवार को एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी तीर्थ में ग्रैंड तम्बोला का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाज की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन अनोपचंद तिलोकचंद ज्वेलर्स द्वारा किया गया, जिसमें विमल विंग्स, विमल महिला मंडल, नमोकर खंडेलवाल महिला मंडल और जिनाज्ञा ग्रुप का सहयोग रहा। विजेताओं को डिनर सेट, मिक्सर-ग्राइंडर, इंडक्शन, एयर फ्रायर, एलईडी टीवी और रेफ्रिजरेटर जैसे आकर्षक पुरस्कार दिए गए।

कटोरा तालाब में प्रभात फेरी, बच्चों ने दिया संदेश
महोत्सव के तहत गुरुवार सुबह पंचशील नगर से पाम रेसिडेंसी, कटोरा तालाब तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें पुरुष सफेद और महिलाएं केसरिया वेशभूषा में शामिल हुईं। बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। साथ ही बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

30 यूनिट रक्तदान, लोगों से की अपील
सेवा कार्यों के अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय रक्तदान अभियान में गुरुवार को पाम रेसिडेंसी, कटोरा तालाब में 30 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने समाज के अन्य लोगों से भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

एमएमआई अस्पताल में भोजन वितरण
वामा मंडल के सदस्यों ने एमएमआई अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के बीच भोजन वितरण कर सेवा भावना का परिचय दिया।

27 मार्च को रास गरबा का आयोजन
महोत्सव के तहत 27 मार्च को “भक्ति के रंग, वीर के संग” थीम पर रास गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पारंपरिक वेशभूषा में होने वाला यह आयोजन भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम होगा।

प्रतिदिन निकल रही प्रभात फेरियां
महोत्सव समिति के संरक्षक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के मार्गदर्शन में पूरे शहर में 15 दिनों तक प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इन आयोजनों के माध्यम से भगवान महावीर के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने बताया कि समाज के विभिन्न संगठनों के सहयोग से महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा से जुड़ रहे हैं।