केदार कश्यप का बड़ा बयान -दिल्ली में CM साय का मास्टरस्ट्रोक, बस्तर विकास का ब्लूप्रिंट तैयार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दिल्ली दौरा राज्य के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इस दौरे को लेकर प्रदेश के मंत्री केदार कश्यप ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, सीएम ने पीएम नरेंद्र मोदी को बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास का विस्तृत ब्लू प्रिंट सौंपा है। इस पहल से आने वाले समय में बस्तर समेत पूरे प्रदेश के विकास को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।

मंत्री कश्यप ने कहा कि, सरकार की प्राथमिकता बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे इस क्षेत्र को अब योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उनका दावा है कि, मुख्यमंत्री के प्रयासों के कारण केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है, जिससे बस्तर को देश के सबसे समृद्ध संभाग के रूप में विकसित किया जा सकेगा।

भूजल स्तर में गिरावट के मुद्दे पर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, लगातार भूजल दोहन के कारण जल स्तर नीचे जा रहा है, जिसे रोकने के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है। खासकर गर्मी के मौसम में फसलों के लिए भूजल के उपयोग को सीमित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कई क्षेत्रों में इस पर आंशिक प्रतिबंध भी लगाया गया है, और किसानों को वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि, इस दिशा में किसानों का सहयोग भी मिल रहा है, जो सकारात्मक संकेत है।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए केदार कश्यप ने कांग्रेस की प्रस्तावित बैठकों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस को पहले अपने आंतरिक मतभेदों को सुलझाना चाहिए और उसके बाद ही जनता के बीच जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि, लंबे समय तक शासन करने के बावजूद कांग्रेस ने प्रदेश और देश के विकास के लिए क्या ठोस कदम उठाए।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास को लेकर भी सरकार गंभीर नजर आ रही है। मंत्री कश्यप ने बताया कि नक्सलमुक्त गांवों को प्रोत्साहित करने के लिए एक करोड़ रुपये देने की योजना बनाई गई है। इसके तहत उन पंचायतों को चिन्हित किया जा रहा है, जो खुद को नक्सलमुक्त घोषित करती हैं। इस पहल का उद्देश्य न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है, बल्कि इन क्षेत्रों में विकास और विश्वास का माहौल भी तैयार करना है। उन्होंने कहा कि, केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार बस्तर क्षेत्र को समर्थन दे रही हैं। आने वाले समय में यह क्षेत्र आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी विकास के मामले में नई पहचान बनाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर को एक मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाए, जहां विकास और शांति दोनों साथ-साथ आगे बढ़ें।