कवर्धा। जिले में आईपीएल (IPL) सीजन के दौरान बढ़ रही सट्टेबाजी पर कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। थाना पंडरिया पुलिस ने घोघरापारा इलाके में छापेमारी कर दो सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध सट्टा चला रहे थे। पुलिस को 11 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, कुछ लोग ऑनलाइन माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा खिला रहे हैं। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से महेंद्र ढीमर उर्फ छोटा (25) और नागेश्वर उर्फ सोनू राव (31) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि, आरोपी टेलीग्राम चैनलों से सट्टा लिंक हासिल करते थे और मोबाइल नंबर के जरिए आईडी बनाकर ग्राहकों को जोड़ते थे। इसके बाद व्हाट्सएप चैट के माध्यम से संपर्क कर ऑनलाइन लेन-देन के जरिए सट्टा खिलाया जाता था। पूरा नेटवर्क डिजिटल तरीके से संचालित हो रहा था, जिससे ट्रैक करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन स्मार्टफोन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही बैंक खातों और सोशल मीडिया चैट से जुड़े तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
आपको बता दें,आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि, सट्टेबाजी में शामिल होने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी
