रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे 30 अप्रैल तक जारी करने का संकेत दिया है। परिणाम का इंतजार कर रहे छात्रों के लिए यह काफी अहम माना जा रहा है। हालांकि, अगर किसी तरह की तकनीकी दिक्कत आती है, तो परिणाम मई के पहले सप्ताह तक घोषित किए जा सकते हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शुक्रवार को 12वीं बोर्ड हिंदी की परीक्षा दोबारा कराई गई। विभाग की ओर से पूरी तरह गोपनीयता और सुरक्षा को रखते हुए प्रश्न पत्रों के पैकेट में वन टाइम लॉक सिस्टम लगाया गया। वहीं, पूरी सामग्री जीपीएस लॉक युक्त कंटेनर के जरिए भेजी गई थी। जानकारी के अनुसार संभावना है कि इस व्यवस्था को आगामी परीक्षाओं में भी लागू किया जाएगा। इससे पहले पेपर लीक होने के बाद 12वीं हिंदी की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। पुनःपरीक्षा की वजह से कुछ बच्चों को अपनी गर्मियों की छुट्टियां रद्द करनी पड़ी।कई विद्यार्थियों का कहना है कि पेपर लीक नहीं होना चाहिए था।
12वीं पेपर लीक से प्रभावित हुआ शेड्यूल
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, 12वीं के हिंदी पेपर लीक होने की घटना से परीक्षा शेड्यूल थोड़ा प्रभावित हुआ है। फिलहाल प्राथमिकता दोबारा हिंदी परीक्षा कराने की है। इसके बावजूद बोर्ड 10वीं के परिणाम समय पर जारी करने की पूरी कोशिश की जा रही हैं।
9वीं और 11वीं के रिजल्ट में बदलाव
इस बार 9वीं और 11वीं कक्षाओं के परिणाम तैयार करने के तरीके में बड़ा बदलाव किया गया है। अब केवल वार्षिक परीक्षा ही नहीं, बल्कि छमाही और वार्षिक दोनों परीक्षाओं के अंकों को मिलाकर फाइनल रिजल्ट तैयार किया जाएगा। इससे छात्रों की पूरे साल की परफॉर्मेंस को बेहतर तरीके से आंका जा सकेगा।
अन्य कक्षाओं के नतीजे भी जारी होंगे
जानकारी के अनुसार, 9वीं और 11वीं कक्षाओं के नतीजे भी 30 अप्रैल को ही जारी किए जा सकते हैं। इससे छात्रों को एक साथ सभी परिणाम मिलने की संभावना है।
पिछले साल 7 मई को रिजल्ट घोषित हुआ था
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल आमतौर पर 10वीं और 12वीं का रिजल्ट मई के पहले या दूसरे सप्ताह में जारी करता है। यह सीबीएसई के माध्यम से नहीं, बल्कि राज्य बोर्ड द्वारा जारी किया जाता है। 2025 में परिणाम 7 मई को घोषित किए गए थे।
अप्रैल में नतीजे घोषित करने का प्रयास
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि पूरा अमला रिजल्ट को जल्द जारी करने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की कोशिश है कि 30 अप्रैल तक 10वीं के नतीजे घोषित कर दिए जाएं।
