भारतीय शेयर बाजार में लगातार गिरावट; सेंसेक्स 571 अंक टूटा, निफ्टी 23500 के नीचे

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 571.34 अंक या 0.75% गिरकर 75,463.09 अंक पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 164.65 अंक या 0.70% गिरकर 23,474.50 अंक पर आ गया। बैंकिंग और बाजार विशेषज्ञ अजय बग्गा ने एएनआई से बातचीत में कहा कि विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली भारतीय बाजारों की कमजोरी की मुख्य वजह बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजारों में फिलहाल कमजोरी के संकेत हैं। एफपीआई लगातार बड़े स्तर पर बिकवाली कर रहे हैं। जब वैश्विक बाजारों में कमजोरी आती है तो निवेशक अन्य बाजारों में अपने मार्जिन कॉल को पूरा करने के लिए भारत जैसे बाजारों से पैसा निकालते हैं, जिससे भारतीय बाजारों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। बग्गा के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और ऊर्जा बाजार में अस्थिरता भी वैश्विक निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में तेल और गैस की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं और आपूर्ति को लेकर भी अनिश्चितता है। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने समुद्र में टैंकरों पर मौजूद करीब 12 करोड़ बैरल रूसी तेल की खरीद की अनुमति दी है, हालांकि इसके बाद भी तेल की कीमतों में बहुत बड़ी गिरावट नहीं देखी गई। बग्गा ने कहा कि वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी दबाव बना हुआ है क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से खाड़ी के प्रमुख उत्पादकों की आपूर्ति क्षमता प्रभावित हुई है। इस बीच, अर्थव्यवस्था में महंगाई का दबाव भी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। भारत का उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) बढ़कर 3.21 प्रतिशत पर पहुंच गया है, जिसमें खाद्य पदार्थों की कीमतों का बड़ा योगदान रहा है।