स्किनकेयर की दुनिया में AHA (Alpha Hydroxy Acids) और BHA (Beta Hydroxy Acids) खूब पसंद किए जाते हैं। इन्हें केमिकल एक्सफोलिएटर कहा जाता है, जो त्वचा की ऊपरी डेड स्किन सेल्स को हटाकर त्वचा को ग्लोइंग बनाते हैं।
हालांकि, ये एसिड जितने असरदार हैं, इनका गलत इस्तेमाल त्वचा को उतना ही नुकसान भी पहुंचा सकता है। अगर आप अपने स्किनकेयर रूटीन में इन्हें शामिल करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानें इसके बारे में
अपनी त्वचा के अनुसार सही चुनाव करें
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आपकी स्किन टाइप के लिए कौन सा एसिड बेहतर है।
- AHA (जैसे ग्लाइकोलिक या लैक्टिक एसिड)- यह वॉटर सॉल्यूबल होता है और त्वचा की सतह पर काम करता है। यह रूखी और बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने के लिए बेहतरीन है।
- BHA (जैसे सैलिसिलिक एसिड)- यह ऑयल सॉल्यूबल होता है और पोर्स के अंदर जाकर सफाई करता है। यह ऑयली और मुहांसों वाली त्वचा के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।
पैच टेस्ट कभी न भूलें
किसी भी एसिड को सीधे चेहरे पर लगाने से पहले कान के पीछे या हाथ की त्वचा पर पैच टेस्ट जरूर करें। 24 घंटे इंतजार करें कि कहीं कोई जलन, खुजली या रेडनेस तो नहीं हो रही है। यह कदम आपकी स्किन को जलने से बचा सकता है।
शुरुआत धीमी करें
रोज इन एसिड्स का इस्तेमाल न करें। शुरुआत में हफ्ते में केवल एक या दो बार ही इस्तेमाल करें। जब आपकी त्वचा इन्हें टॉलिरेट करने लगे, तब धीरे-धीरे इसकी फ्रीक्वेंसी बढ़ाएं। बहुत ज्यादा एक्सफोलिएशन से स्किन का नेचुरल बैरियर खराब हो सकता है, जिससे चेहरा लाल और रूखा हो जाता है।
दूसरे एक्टिव्स के साथ न मिलाएं
स्किनकेयर में मिक्सिंग जोखिम भरी हो सकती है। AHA/BHA का इस्तेमाल करते समय उसी रूटीन में रेटिनोल या विटामिन-सी जैसे पावरफुल इंग्रीडिएंट्स को लगाने से बचें। इन सबको एक साथ लगाने से त्वचा में जलन हो सकती है। बेहतर होगा कि आप एक दिन एसिड का इस्तेमाल करें और दूसरे दिन विटामिन-सी या रेटिनोल का।
मॉइस्चराइजेशन पर दें जोर
एक्सफोलिएशन के बाद त्वचा थोड़ी खिंची-खिंची या रूखी महसूस हो सकती है। एसिड लगाने के बाद हमेशा एक अच्छा हाइड्रेटिंग मॉइस्चराइजर लगाएं। यह आपकी त्वचा की नमी को लॉक करेगा और जलन को कम करने में मदद करेगा।
