मुंगेली में बढ़ा हीट वेव का खतरा: कंट्रोल रूम अलर्ट, हेल्पलाइन जारी

Follow Us

मुंगेली। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित लू (हीट वेव) के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर शुरू किए गए इस पहल का उद्देश्य लू से होने वाले खतरे को कम करना और समय पर राहत पहुंचाना है। प्रशासन ने अपर कलेक्टर गिरधारी लाल यादव को इस कार्य के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जो पूरे अभियान की निगरानी करेंगे। जिले में जागरूकता फैलाने के लिए तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर भी सक्रियता बढ़ाई गई है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, पंचायत सचिवों और अन्य मैदानी कर्मचारियों को लोगों तक जरूरी जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके तहत लोगों को लू से बचाव के उपाय, जैसे पर्याप्त पानी पीना, धूप में निकलने से बचना और सिर को ढककर रखना, समझाए जाएंगे।

प्रशासन ने आम नागरिकों के लिए कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 07755-274274 जारी किया है। इसके अलावा नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर 94255-64563 भी सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि, वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन का कहना है कि, समय रहते सतर्कता ही लू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।