रायपुर। राजधानी रायपुर में 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय घड़ी चौक स्थित अंबेडकर चौक पर स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की 21 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और उनके सामाजिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। लगभग 4300 किलोग्राम वजनी यह प्रतिमा करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है, जिसे सामाजिक समरसता और समानता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को सामाजिक न्याय और समानता के संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। इसके अलावा, बताया जा रहा है कि, नवा रायपुर स्थित विधानसभा परिसर में भी बाबा साहेब की 25 फीट से अधिक ऊंची एक और विशाल प्रतिमा स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। यह पहल राज्य में अंबेडकर के विचारों को और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
