बस्तर। बस्तर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से मधरा प्रदेश गांजा लेकर जा रहा था और बस का इंतजार करते हुए एनएच-63 पर खड़ा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। यह कार्रवाई नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास की गई। पुलिस को 11 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक दो बैग में गांजा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीण राजपूत (23 वर्ष) बताया, जो मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के रामपाईली थाना क्षेत्र अंतर्गत भानपुर गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पिट्ठू बैग में रखे 5 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त गांजे का कुल वजन 5.265 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2.63 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,730 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत लगभग 2.70 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मलकानगिरी (ओडिशा) से गांजा लाकर बालाघाट (मध्यप्रदेश) ले जा रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य कड़ियों की जांच कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। नगरनार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी का भंडाफोड़: ओडिशा से MP जा रही खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार
