राजनांदगांव। छत्तीशगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक सनसनीखेज ठगी का मामला सामने आया है, जहां तंत्र-मंत्र और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करीब 4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह ने बताया कि,इस मामले की शुरुआत तब हुई जब कोमल साहू नामक युवक ने 17 अक्टूबर 2025 को जहर सेवन कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा की विस्तृत जांच की गई।
जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। आरोपी मोहम्मद अजीज खान ने मृतक को शेयर मार्केट में निवेश और कथित तंत्र-मंत्र, चटिया-मटिया के जरिए रकम दोगुनी करने का लालच दिया था। इस झांसे में आकर कोमल साहू ने करीब 4 करोड़ रुपये आरोपी को दे दिए। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने और कर्जदाताओं के दबाव के चलते वह मानसिक तनाव में आ गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर 3 अप्रैल को आरोपी को मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने नगद और बैंक खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये लेने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह मामला एक बार फिर लोगों को सचेत करता है कि, तंत्र-मंत्र या जल्दी पैसे दोगुने करने जैसे लालच अक्सर ठगी का जाल होते हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
