रायपुर। छत्तीसगढ़ में विकास की नई इबारत लिखने के लिए जनगणना 2026 का खाका तैयार हो चुका है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और जनगणना कार्य निदेशक कार्तिकेय गोयल ने इस महाअभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की है। प्रदेश में यह प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें डिजिटल तकनीक का अभूतपूर्व इस्तेमाल देखने को मिलेगा। अभियान का पहला चरण ‘मकान सूचीकरण’ 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा, जबकि फरवरी 2027 में दूसरे चरण के तहत ‘जनसंख्या गणना’ की जाएगी। खास बात यह है कि, इस बार जातिगत जनगणना को भी दूसरे चरण का हिस्सा बनाया गया है।
स्व-गणना की सुविधा और डिजिटल प्रगणक:
इतिहास में पहली बार नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन भरने का विकल्प दिया जा रहा है। 16 से 30 अप्रैल 2026 के बीच लोग पोर्टल पर जाकर ‘स्व-गणना’ कर सकेंगे, जिससे उन्हें एक ‘SE ID’ प्राप्त होगी। बाद में प्रगणक घर आकर केवल इस जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस पूरी कवायद के लिए प्रदेश भर में 62,500 अधिकारी-कर्मचारियों की फौज तैनात की गई है, जिनमें प्रगणक, पर्यवेक्षक और मास्टर ट्रेनर शामिल हैं। सर्वे का काम पूरी तरह मोबाइल ऐप के जरिए होगा, जिससे आंकड़ों में त्रुटि की गुंजाइश न के बराबर रहेगी।
33 सवालों में सिमटेगी आपकी जीवनशैली:
जनगणना के दौरान प्रगणक आपसे कुल 33 सवाल पूछेंगे। इनमें मकान की बनावट (दीवार, छत, फर्श) से लेकर बुनियादी सुविधाओं जैसे पीने का पानी, शौचालय, रसोई गैस (LPG/PNG) और बिजली के साधनों की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा आपके पास मौजूद डिजिटल संसाधनों जैसे इंटरनेट, लैपटॉप, टीवी और मोबाइल के साथ-साथ वाहनों (कार/बाइक) की भी जानकारी जुटाई जाएगी। प्रवासियों के लिए नियम स्पष्ट है-यदि कोई व्यक्ति दूसरे राज्य का मूल निवासी है, तो उसकी गणना उसके स्थायी निवास के आधार पर ही होगी।
गोपनीयता की गारंटी और जवाबदेही:
सरकार ने स्पष्ट कहा है कि, जनगणना अधिनियम 1948 के तहत साझा की गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और इनका उपयोग किसी कानूनी जांच में नहीं किया जा सकता। हालांकि, गलत जानकारी देने या सहयोग न करने पर 1,000 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। प्रदेश के 33 जिलों और लगभग 20 हजार गांवों में होने वाला यह सर्वे आने वाले दशक के लिए सरकारी योजनाओं और बजट के आवंटन का मुख्य आधार बनेगा। किसी भी दुविधा के समाधान के लिए 16 अप्रैल से टोल-फ्री नंबर 1855 भी सक्रिय कर दिया जाएगा।
