रायपुर। प्रदेश में एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर दोबारा हड़ताल की तैयारी में नजर आ रहे हैं। मांगें पूरी नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ ने 12 अप्रैल को रायपुर के आमापारा में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में लंबित मांगों की स्थिति, सरकार से मिले आश्वासन और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि, NHM कर्मचारियों ने पहले भी नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति और मेडिकल अवकाश जैसी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक महीने से ज्यादा समय तक हड़ताल की थी। सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया था और समाधान के लिए एक समिति भी बनाई गई थी। हालांकि अब तक ठोस नतीजा सामने नहीं आने से कर्मचारियों में असंतोष बना हुआ है।
प्रदेश के ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य केंद्रों-जैसे उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पतालों में NHM के तहत बड़ी संख्या में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में यदि हड़ताल होती है, तो स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि, इस बैठक में सभी जिलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे और आगे के आंदोलन की दिशा तय करेंगे। यह भी बताया गया कि, सरकार के वादों और घोषणाओं पर अमल नहीं होने को लेकर भी चर्चा होगी।
