कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि, हादसा इतना भीषण था कि, टक्कर के बाद दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटनास्थल पर मलबे और वाहनों के टूटे हिस्से दूर तक बिखरे हुए नजर आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज कांकेर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान के आधार पर पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेज दिया है। नेशनल हाईवे-30 पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने जांच तेज कर दी है और हादसे के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
