सूरजपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: भूपेश बघेल करेंगे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद

Follow Us

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल आज सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम में भूपेश बघेल देर शाम सूरजपुर के न्यू सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है। कार्यकर्ताओं के लिए यह, एक अहम अवसर माना जा रहा है, जहां वे सीधे अपने नेता के सामने अपनी बात रख सकेंगे।

दौरे के दूसरे दिन, 10 अप्रैल की सुबह, वे गोंडवाना भवन (रिंग रोड) में आयोजित आदिवासी कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह शिविर आदिवासी अधिकारों, जागरूकता और सशक्तिकरण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है जानकारी के अनुसार, 10 से 12 अप्रैल तक चलने वाला यह तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। इसमें सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों-सूरजपुर, सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-से चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह और आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष पावले ने बताया कि, इस शिविर का उद्देश्य आदिवासी समाज को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना है। शिविर में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सामाजिक अधिकार, राजनीतिक भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली से आए एआईसीसी (AICC) के प्रशिक्षक भी शामिल होंगे, जो प्रतिभागियों को विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे। इस शिविर को आदिवासी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे उनके अधिकारों और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।