कल कांग्रेस करेगी भाजपा दफ्तरों का घेराव

Follow Us

वोरा की मौजूदगी में रायपुर में दूसरे दिन रणनीति बैठक, कहा – “कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी”

रायपुर। प्रदेश में सामने आए अवैध अफीम खेती के मामलों को लेकर कांग्रेस कल 12 मार्च को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करने जा रही है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यालयों का घेराव कर प्रदेश सरकार की विफलताओं को उजागर करेंगे और जनता से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद करेंगे। इसी क्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रायपुर शहर का प्रभारी नियुक्त किया गया है, उनकी उपस्थिति में आज रायपुर स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में लगातार दूसरे दिन बैठक आयोजित की गई। बैठक में कल होने वाले प्रदर्शन को लेकर जोरदार रणनीतिक चर्चा की गई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों पर मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अरुण वोरा ने कहा- प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में दुर्ग के बाद अब बलरामपुर में भी लगभग 5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का खुलासा बेहद चिंताजनक है। प्रदेश में नशे का संगठित नेटवर्क तेजी से फैल रहा है।यह प्रदेश की कानून व्यवस्था और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। छत्तीसगढ़ की पहचान मेहनतकश किसानों और धान से रही है, लेकिन आज जिस तरह नशे की खेती के मामले सामने आ रहे हैं, वह पूरे प्रदेश के लिए शर्मनाक स्थिति है। आखिर यह अवैध कारोबार किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है।कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को दबने नहीं देगी।छत्तीसगढ़ को नशे के इस बढ़ते जाल से बचाया जा सके, इसलिए कांग्रेस कल प्रदेशभर में बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार से जवाब मांगेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता से जुड़े सवालों को सरकार के सामने रखने का एक सशक्त लोकतांत्रिक माध्यम है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर के अध्यक्ष कुमार मेनन ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष के लिए तत्पर रहते हैं। कल का प्रदर्शन प्रदेश की जनता की भावनाओं को व्यक्त करेगा और भाजपा सरकार की विफलताओं को बेनकाब करेगा। सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस आंदोलन को सफल बनाएं।

बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने सहित कई संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में वरिष्ठ नेताओं में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा सहित ब्लॉक और बूथ स्तर के बड़ी संख्या में अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।