रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का काफिला आज प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचा, तो वहां मौजूद पदाधिकारी और कार्यकर्ता कुछ समय के लिए आश्चर्य में पड़ गए। इसका कारण था कि मुख्यमंत्री के काफिले में अब तक उपयोग की जा रही टोयोटा फॉर्च्यूनर की जगह नई स्कॉर्पियो नजर आई। इस बदलाव को देखकर कई लोग उत्सुकता से वाहनों के बारे में जानकारी लेते दिखे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अब तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में खरीदी गई फॉर्च्यूनर का उपयोग कर रहे थे। लेकिन सुरक्षा और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए अब काफिले में नई स्कॉर्पियो वाहन शामिल किए गए हैं। बताया गया है कि मुख्यमंत्री के काफिले में कुल छह नई स्कॉर्पियो वाहन जोड़ी गई हैं। इनमें से एक बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो में मुख्यमंत्री स्वयं सफर करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह बदलाव किया गया है। भाजपा नेताओं और मीडिया में नई स्कॉर्पियो को लेकर काफी उत्सुकता देखी गई। कई लोग वाहनों के विवरण जानने के लिए रुके और काफिले में हुए परिवर्तन पर चर्चा की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बदलाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुराने वाहन अब काफी इस्तेमाल हो चुके थे और उनकी स्थिति भी पहले जैसी नहीं रही थी। कई बार वाहन बीच में खराब हो जाते थे, जिससे दिक्कतें आती थीं। यही कारण है कि अब इन्हें बदलने का निर्णय लिया गया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बदलाव पूरी तरह से तकनीकी और उपयोगिता के आधार पर किया गया है, ताकि यात्रा और सुरक्षा दोनों में कोई समस्या न आए। नई स्कॉर्पियो के शामिल होने के बाद काफिले की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो गई है। प्रशासन ने इसे एक नियमित प्रक्रिया बताया है, जिसमें समय-समय पर पुराने वाहनों को हटाकर नए और सुरक्षित वाहनों को शामिल किया जाता है। राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी है, लेकिन इसे सामान्य प्रशासनिक अपडेट के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुरक्षा काफिले में बदलाव, नई स्कॉर्पियो गाड़ियाँ शामिल।
