बिलासपुर। छत्तीसगढ के बिलासपुर शहर में वर्दी पहनकर रील बनाने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। पहले एक आरक्षक पर कार्रवाई के बाद अब एक और पुलिसकर्मी का पत्नी के साथ बनाया गया इंस्टाग्राम रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने एक बार फिर पुलिस अनुशासन और सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, हाल ही में मस्तूरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक का वीडियो सामने आया था, जिसमें वह वर्दी में अपनी पत्नी के साथ छत्तीसगढ़ी गाने पर रील बनाता नजर आया। वीडियो वायरल होते ही विभाग ने उसे लाइन अटैच कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद अब एक अन्य आरक्षक का इसी तरह का वीडियो चर्चा में आ गया है।

वायरल हो रहे नए वीडियो पर यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग इसे मनोरंजन के तौर पर देख रहे हैं, जबकि कई यूजर्स वर्दी में इस तरह के वीडियो बनाने को गलत बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा-“अब आपकी बारी है”, जिस पर संबंधित आरक्षक ने जवाब दिया-“I’m waiting bro”, जो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पहले कार्रवाई झेल चुके जवान से जुड़ा एक और वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें उसकी पत्नी भावुक नजर आ रही है। इस पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है-कुछ लोग सहानुभूति जता रहे हैं, तो कुछ इसे अनुशासन का जरूरी कदम बता रहे हैं।
फिलहाल, इस तरह के लगातार सामने आ रहे मामलों ने पुलिस विभाग की छवि और नियमों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

