रायपुर।राजधानी रायपुर में कांग्रेस संगठन के भीतर वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर अचानक विवाद की स्थिति बन गई है। दरअसल, दीपक बैज द्वारा सभी जिला अध्यक्षों को 15 अप्रैल तक बूथ स्तर से लेकर जिला कार्यकारिणी गठन का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में रायपुर शहर कांग्रेस ने 66 वार्डों के अध्यक्षों की सूची जारी कर दी, लेकिन यह सूची कुछ ही घंटों में पीसीसी द्वारा निरस्त कर दी गई।
पीसीसी ने स्पष्ट कहा कि, सूची जारी करने से पहले आवश्यक अनुमोदन नहीं लिया गया था, जिसके चलते इसे अवैधानिक माना गया। इस फैसले के बाद संगठन के भीतर असमंजस और नाराजगी की चर्चा तेज हो गई है। खासकर तब, जब हाल ही में समीक्षा बैठक में वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति में देरी पर सवाल उठे थे। इस पूरे मामले पर रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि, इसे टकराव के रूप में देखना गलत होगा।
मेनन के मुताबिक, वे जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे और सहमति बनाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेनन ने यह भी संकेत दिया कि, संगठन में समन्वय बनाकर ही अंतिम सूची जारी की जाएगी, ताकि किसी तरह की गलतफहमी या विवाद की स्थिति न बने ।फिलहाल इस घटनाक्रम ने कांग्रेस के अंदरूनी तालमेल पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं, लेकिन नेतृत्व इसे संवाद के जरिए सुलझाने की बात कर रहा है। अब नजर इस बात पर है कि, आगामी दिनों में नई सूची किस तरह और कब जारी होती है।
