बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कानून की जानकारी रखने वाला एक वकील ही कानून तोड़ता नजर आया। पॉश कॉलोनी रामावैली में शराब के नशे में धुत एक वकील ने सरेआम हथियार लहराकर इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रामावैली कॉलोनी निवासी वकील अंशुमन श्रीवास्तव अपने घर के बाहर शराब का सेवन कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक हाथ में पिस्टल, तलवार और फरसा नुमा हथियार लेकर बाहर निकल आया और सड़क से गुजर रहे लोगों को डराने-धमकाने लगा। उसकी इस हरकत से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी वकील नशे की हालत में काफी देर तक हंगामा करता रहा। इस दौरान किसी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और तत्काल कार्रवाई की गई। CSP निमितेश सिंह परिहार के नेतृत्व में CSPU और चकरभाठा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
बता दे,टीम ने आरोपी के मकान नंबर L-5, 124 की घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 32.5 इंच लंबी तलवार, एक काले रंग की पिस्टल और एक फरसा नुमा कुल्हाड़ी बरामद की। हालांकि कॉलोनी के लोग दहशत के चलते खुलकर सामने आने से बचते रहे, लेकिन पुलिस ने वायरल वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि, कानून के जानकार ही अगर इस तरह की हरकतें करेंगे, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
