बजट: सत्तापक्ष ने सराहा विपक्ष ने कहा निराशाजनक

Follow Us

रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट प्रस्तुत करते हुए बस्तर और अन्य पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, डिजिटल कनेक्टिविटी और रोजगार का बड़ा रोडमैप सामने रखा है। वित्त मंत्री ने 2 घंटे से ज्यादा समय तक बजट भाषण पढ़ा। बजट पेश होने के बाद पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसे चैट जीपीटी बजट बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जनता जुमलों की यह पतंग काट देगी। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि ओपी चौधरी ने बजट को बहुत अच्छे और आकर्षक शब्दों में पेश किया है। लेकिन असल में इसमें खास कुछ नहीं है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि बजट में पंचायत, बस्तर और बेटियों के भविष्य पर बड़ा फोकस रहा है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार ने इस बजट में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और महिलाओं का खास ध्यान रखा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि ज्ञान का अल्पज्ञान हो गया, गति की दुर्गति हो गई और अब संकल्प के बजट पर भी मुझे भरोसा नहीं है। रोजगार, धान, किसान किसी पर बात नहीं हुई है। वहीं कैशलेस इलाज का राज्य कर्मचारियों ने स्वागत किया है।

बजट राज्य के “सुशासन से समृद्धि” मॉडल को मजबूत आधार देगा

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों के सशक्तिकरण के साथ छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के संकल्प को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों, गरीबों, युवाओं, महिलाओं और आदिवासी समुदाय को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि 2026-27 का बजट राज्य के “सुशासन से समृद्धि” मॉडल को मजबूत आधार देगा और बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, कृषि प्रगति, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास को नई दिशा देगा।

ये बजट शब्दों का मायाजाल, आम नागरिक,नौजवानों , किसानों के लिए कुछ नहीं

नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा इस बजट में आम नागरिकों के लिए कुछ नहीं दिख रहा है। ये बजट शब्दों का मायाजाल है। मुझे नहीं लगता है कि उन्होंने जो सपने देखें हैं वो पूरे हो पाएंगे। बजट को बहुत अच्छे और आकर्षक शब्दों में पेश किया है। इस बजट में ऐसा कुछ नहीं है, जो छत्तीसगढ़ के नौजवानों , किसानों को कुछ दे। आम नागरिकों को चिकित्सा, शिक्षा की जरूरत है।

ज्ञान और गति की दुर्गति के बाद संकल्प का नया जुमला बजट – दीपक बैज

बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि ज्ञान गति की असफलता के बाद संकल्प का नया जुमला वित्त मंत्री ने फेका है। यह बजट भी जनता को निराश करने वाला बजट है। वित्त मंत्री हाई स्कूल के बच्चे के समान कल्पनाओं में डूबते नजर आये। इनका बजट राज्य की जमीनी हकीकत से कोसों दूर नजर आया। उन्होंने अपने बजट भाषण में बस्तर एवं सरगुजा के विकास के सब्जबाग जो दिखाये, लेकिन इन वादों को पूरा करने बजट प्रावधान निराश करने वाले रहे। पिछले बजट में 20 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा वित्त मंत्री ने किया था, इस बजट में वे यह नहीं बताये कि उनमें से कितने की भर्ती हुई? भाजपा ने विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के पांच साल में 1 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन इस बजट में नई नौकरियों के लिए वित्त मंत्री ने कुछ नहीं किया।

प्रधानमंत्री आवास के लिए करोड़ों का प्रावधान

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बजट की सराहना करते हुए कहा इस बजट में छत्तीसगढ़ के सारे विषयों की चिंता की गई है। पंचायत विभाग के आधार पर जीरामजी के लिए 4 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। ये ऐतिहासिक है। अब तक कभी नहीं हुआ। वहीं प्रधानमंत्री आवास के लिए 4 हजार करोड़ का प्रावधान है। पंचायत राज विभाग के बड़े प्रावधान किए गए हैं। सीधे कैश देने वाली योजना पर उन्होंने कहा- बच्चियों के खाते में ये राशि आती है। और उनके बड़े होने तक ये राशि डबल-ट्रिपल हो जाती है। तो ये उनके लिए बहुत बड़ा आधार होगा।

इस बजट से छत्तीसगढ़ राज्य का चहुमुखी विकास होगा

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बजट को लेकर कहा कि सरकार ने इस बजट में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और महिलाओं का खास ध्यान रखा है। सरकार की योजनाओं और नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करने के लिए बजट में जरूरी प्रावधान किए गए हैं। इस बजट से छत्तीसगढ़ राज्य का चहुमुखी विकास होगा। नए-नए संस्थानों को राज्य में आने का न्योता भी दिया जा रहा है। साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिए भी कई योजनाएं शामिल की गई हैं। इनमें स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाना और नए विचारों (नवाचार) को बढ़ावा देना शामिल है।

संकल्पों को पूरा करने वाला बजट है: साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, लोक निर्माण विभाग को लगभग 10 हजार करोड़ का बजट मिला है। नगरीय प्रशासन विभाग को पर्याप्त बजट मिले हैं। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री दूर ग्रामीण सड़क योजना जैसी अनेकों नई योजनाओं की घोषणाएं हुई हैं। साव ने कहा, ये संपूर्ण रूप बजट छत्तीसगढ़ को संवारने का बजट है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का बजट है। जो संकल्प के साथ हम सरकार में आए हैं, उन संकल्पों को पूरा करने वाला बजट है।

विकसित छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा वाला बजट : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि कि ये विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। इस बजट में हर वर्ग को साधने का प्रयास किया गया है। इस बजट के माध्यम से हमारा छत्तीसगढ़ विकसित छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा।